गुरुद्वारा गुमटसर साहिब में आयोजित निःशुल्क गत्तका प्रशिक्षण शिविर का का आयोजन
रतिया, 6 जुलाई:- शहीद अकाली बाबा फूला सिंह गत्तका अकैडमी द्वारा 1 जून से 5 जुलाई तक गुरुद्वारा गुमटसर साहिब में आयोजित निःशुल्क गत्तका प्रशिक्षण शिविर का रविवार को समापन समारोह आयोजित किया गया। लगभग एक माह तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया और गत्तका कोच जश्नदीप सिंह, सागर सिंह तथा कमलजीत सिंह मान ने पारंपरिक युद्ध कला गत्तका का प्रशिक्षण दिया।
समापन समारोह में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य जत्थेदार इकबाल सिंह खोखर, जत्थेदार काका सिंह लधुवास, जत्थेदार गुरमेल सिंह सहिनाल, जत्थेदार गमदूर सिंह, मैनेजर राजिंद्र सिंह तथा समाजसेवी हैप्पी सिंह सेठी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं बाबा बंदा सिंह बहादुर स्टडी सर्कल की ओर से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बच्चों को प्रमाण-पत्र, मेडल एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हैप्पी सिंह सेठी ने शिविर की गतिविधियों की जानकारी संगत के साथ साझा करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपरा और अनुशासन से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य जत्थेदार काका सिंह लधुवास एवं जत्थेदार इकबाल सिंह खोखर ने गत्तका अकैडमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को गत्तका जैसी गौरवशाली विरासत से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
गुरुद्वारा गुमटसर साहिब के मुख्य सेवादार जत्थेदार गमदूर सिंह ने भी अकैडमी के कोचों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को गत्तका से जोड़ना समाज के लिए प्रेरणादायी कार्य है। उन्होंने भविष्य में और अधिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के लिए सभी को प्रेरित किया।
समारोह के दौरान बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए, जबकि गत्तका कोचों को सिरोपा एवं स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। गुरुद्वारा साहिब की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों को भी सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जगपाल सिंह, चरणजीत सिंह, जोबन सिंह, समरजीत सिंह, नवदीप सिंह, हरप्रीत सिंह सहित बड़ी संख्या में संगत एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
