पुस्तक मैचिंग ग्रांट के तहत भाषा विभाग द्वारा दी जाएंगी मुफ्त पुस्तकें
कपूरथला:- भाषा विभाग, पंजाब समय-समय पर पुस्तक संस्कृति को प्रफुल्लित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां करता रहता है। इसी के तहत पंजाब सरकार के मार्गदर्शन में भाषा विभाग, पंजाब द्वारा पुस्तक मैचिंग ग्रांट के तहत मुफ्त पुस्तकें दी जाएंगी। निदेशक भाषा विभाग, पंजाब स. जसवंत सिंह ज़फ़र के नेतृत्व में शुरू की गई इस योजना का लाभ स्कूल, कॉलेज और ग्रामीण पुस्तकालय उठा सकते हैं।
सहायक निदेशक स. तेजिंदर सिंह गिल ने जानकारी देते हुए बताया कि कोई संस्थान जितनी राशि की पुस्तकें खरीदेगा, उतनी ही राशि की पुस्तकें संबंधित संस्थान को मुफ्त में दी जाएंगी। जिला भाषा अधिकारी, कपूरथला श्रीमती जसप्रीत कौर ने सभी स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण पुस्तकालयों से अपील की है कि वे पंजाब सरकार की इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
पुस्तकें खरीदने के इच्छुक संस्थान अपने लेटर-पैड पर संस्थान के प्रमुख द्वारा हस्ताक्षरित प्रार्थना पत्र जिला भाषा कार्यालय, कपूरथला में दे सकते हैं। जिला भाषा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इन पुस्तकों पर भाषा विभाग, पंजाब द्वारा विशेष छूट भी दी जाती है। यह एक लाभकारी योजना है जो सीमित समय तक के लिए है।
इसलिए इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाया जाए ताकि पुस्तक संस्कृति विकसित करके हम समाज को अच्छी और सकारात्मक दिशा दे सकें। अधिक जानकारी के लिए सेल इंचार्ज श्री मनीष कुमार (62840-61290) से संपर्क किया जा सकता है।
