चोरी की वारदात में शामिल गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार

करनाल, 29 अगस्त:- जिला पुलिस करनाल द्वारा चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना कुंजपुरा प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह कुमार की टीम ने गांव रसूलपुर में घेर में लगी सबमर्सिबल मोटर चोरी करने की वारदात का खुलासा करते हुए गिरोह में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 4 हजार रुपये की नकदी व वारदात में प्रयोग एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय पुत्र सुनील, प्रवीण पुत्र धर्मा, राहुल पुत्र रामकरण तथा वंश पुत्र जसमेर, सभी निवासी गांव रसूलपुर, थाना कुंजपुरा, जिला करनाल के रूप में हुई है।
अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि दिनांक 19 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोरों द्वारा गांव रसूलपुर में घेर में लगी सबमर्सिबल मोटर को चोरी कर लिया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा दिन के समय घटनास्थल की रेकी की गई और मौका देखकर रात के समय सबमर्सिबल मोटर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इस संबंध में थाना कुंजपुरा, जिला करनाल में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से गहनता से पूछताछ की गई, जिसके दौरान उनके कब्जे से 4 हजार रुपये की नकदी व वारदात में प्रयोग एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।पुलिस द्वारा आरोपियों से वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों तथा चोरी की गई संपत्ति के संबंध में भी पूछताछ की गई।
गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जिला पुलिस करनाल द्वारा स्पष्ट किया गया है कि चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।