बटाला के गांव अलोवाल में सिलेंडर फटने से पांच व्यक्ति घायल

बटाला, 31 दिसंबर:- बटाला के नजदीकी गांव अलोवाल में सिलेंडर फटने से हुए जोरदार धमाके में पांच व्यक्ति घायल हो गए, जिनमें से तीन एक ही परिवार के (पति-पत्नी और बच्चा) हैं और दो सगे भाई हैं। घायलों को बटाला के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। घायलों में से कुछ की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना में झुलसे व्यक्ति ने बताया कि वह दिहाड़ीदार है और काम पर जाने के लिए चावल बना रहा था कि अचानक गैस लीक होने के कारण सिलेंडर को आग लग गई। सिलेंडर उठाकर बाहर खुले में फेंका तो सिलेंडर फट गया और जोरदार धमाका हुआ। इससे पांच लोग आग की चपेट में आ गए और झुलस गए।
सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने जानकारी देते हुए कहा कि कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है जिन्हें अमृतसर रेफर किया जाएगा।