फिट इंडिया कार्निवाल का शुभारंभ प्रतिभागियों ने बढ़चढ़ कर लिया भाग
करनाल, 21 मार्च:- जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह रंगा ने बताया कि साई (भारतीय खेल प्राधिकरण) और फिट इंडिया की ओर से 21 से 23 मार्च तक फिट इंडिया कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। कार्निवाल के शुभारंभ दिन प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
उन्होंने बताया कि पहले दिन विभिन्न फिटनेस एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें योग, जुम्बा, रस्साकशी, वेटलिफ्टिंग तथा पारंपरिक खेल मल्लखंभ प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों में शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के प्रात: कालीन सत्र में लगभग 500 प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी दर्ज की गई, जो कि कार्यक्रम की सफलता का परिचायक है। इस अवसर पर करनाल के उप मंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) प्रदीप कुमार भी उपस्थित रहे।
उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए फिटनेस को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन-सामान्य में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
