आत्मा योजना के तहत 10 मछली पालकों को मछली बीज उपलब्ध करवाया गया

साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 14 अगस्त:- कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की आत्मा योजना के तहत जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर के चयनित 10 मछली पालकों को मछली बीज उपलब्ध करवाया गया। यह मछली बीज, मछली बीज फार्म, गांव बागड़ियां, जिला फतेहगढ़ साहिब से उपलब्ध करवाया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले में वैज्ञानिक एवं आधुनिक ढंग से मछली पालन को बढ़ावा देना तथा मछली पालकों को नवीनतम तकनीकों की जानकारी उपलब्ध करवाना है। आत्मा योजना के तहत चयनित मछली पालकों के तालाबों में प्रदर्शनियां भी लगाई गईं, जिनके माध्यम से अन्य किसानों एवं मछली पालकों को तालाब प्रबंधन, मछलियों के आहार, पानी की गुणवत्ता तथा उत्पादन बढ़ाने संबंधी वैज्ञानिक तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई।
इस संबंधी जानकारी देते हुए सहायक निदेशक मत्स्य पालन, एस.ए.एस. नगर, श्रीमती हरदीप कौर ने बताया कि आत्मा योजना के तहत आयोजित की जा रही ये गतिविधियां मछली पालकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने में सहायक सिद्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रदर्शनियों के माध्यम से मछली पालकों को व्यावहारिक रूप से नई तकनीकों की जानकारी मिल रही है, जिससे मछली उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की आय में वृद्धि करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मछली पालन को सहायक कृषि व्यवसाय के रूप में अपनाने वाले किसानों के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने मछली पालकों से अपील की कि वे मत्स्य पालन विभाग से संपर्क कर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और वैज्ञानिक ढंग से मछली पालन को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे कृषि के साथ-साथ सहायक व्यवसायों को अपनाकर अपनी आय के स्रोतों में वृद्धि करें तथा सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही तकनीकी एवं वित्तीय सहायता का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।