टाहलीवाल में फायर सेफ्टी सप्ताह की शुरुआत अग्निशमन विभाग ने लोगों को किया जागरूक

हरोली/ऊना, 15 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा): हरोली विधानसभा क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल में अग्निशमन विभाग द्वारा 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक फायर सेफ्टी सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
यह अभियान शिमला स्थित मुख्यालय के निर्देशानुसार पूरे देश में चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को अग्नि सुरक्षा के प्रति सचेत करना है।
फायर पोस्ट टाहलीवाल के प्रभारी एलएफएम सुनील दत्त ने जानकारी देते हुए बताया कि सप्ताह के दौरान स्कूलों, अस्पतालों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और बाजारों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान लोगों को आग लगने के कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा आपात स्थिति में उठाए जाने वाले जरूरी कदमों की जानकारी दी जा रही है।
बुधवार को टाहलीवाल बाजार में दुकानदारों और राहगीरों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर अग्निशमन विभाग की टीम ने लोगों को समझाया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत सही कदम उठाएं और संबंधित विभाग से संपर्क करें। साथ ही, आग से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अभियान में एलएफएम सुनील दत्त के साथ एफएम रविंदर सिंह, हरमेश चंद, विजय कुमार, दर्शन कुमार, एचजी कमल, डीवीआर राजीव कुमार और डीवीआर मनीष कुमार सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे आग से जुड़ी किसी भी घटना को गंभीरता से लें और सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।