पुरानी रंजिश के चलते टोल प्लाजा पर फायरिंग के मामले में पांचवां आरोपी काबू

करनाल, 13 अप्रैल:- जिला पुलिस करनाल द्वारा थाना निसिंग क्षेत्र के अंतर्गत टोल प्लाजा प्योंत पर पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग करने के मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पांचवें आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की गई है। यह कार्रवाई सीआईए असंध इंचार्ज उप निरीक्षक सुलिंदर सिंह व थाना निसिंग प्रबंधक निरीक्षक श्री भगवान के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीमों द्वारा की गई।
पुलिस टीम ने मामले में पांचवें आरोपी जयकरण पुत्र इंद्रजीत निवासी वार्ड नंबर 4, असंध (करनाल) को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस द्वारा चार अन्य आरोपी आशीष पुत्र दिलबाग सिंह, नरेंद्र पुत्र सुरेश कुमार, सुमित कुमार पुत्र जैसलमेर सिंह निवासी गांव जैनी तथा कवि गोल्लन पुत्र हवा सिंह निवासी गांव लालेन,जिला करनाल को भी काबू किया जा चुका है।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि दिनांक 01 अप्रैल 2026 की रात्रि को करनाल की ओर से तीन गाड़ियां गलत दिशा में तेज रफ्तार से टोल प्लाजा प्योंत पर पहुंचीं। पहली गाड़ी ने बैरिकेड को टक्कर मारी,जबकि पीछे आ रही दूसरी गाड़ी ने पहली गाड़ी को टक्कर मार दी। इसी दौरान एक राउंड फायर किया गया। घटना के बाद एक गाड़ी असंध की ओर चली गई, जबकि दो गाड़ियां वापस करनाल की तरफ फरार हो गईं। सूचना मिलते ही थाना निसिंग पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर मुकदमा नंबर 80 दिनांक 02/04/2026 को धारा 281,125,287,3(5) बीएनएस व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले में पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर फायर करने वाले आरोपी जयकरण की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी जयकरण को आज माननीय न्यायालय में पेश कर 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान व अवैध हथियार की बरामदगी के लिए मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।