मधुबन की गलियों में खौफ चाकू से हुई हत्या का राज़ खुला
करनाल,13अक्टूबर: अपराध पर कड़ी कार्रवाई करते हुए करनाल पुलिस की सीआईए-2 टीम ने एक ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामला 9 अक्टूबर का है, जब सिरसी गांव निवासी रवि की मधुबन क्षेत्र में चाकू से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जो अब एक अहम मोड़ पर पहुंची है।
जांच के दौरान सीआईए-2 टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी लूटपाट और छीना-झपटी जैसी वारदातों में पहले भी शामिल रहे हैं। हत्या के दिन भी उन्होंने लूट की नीयत से रवि को रास्ते में रोका था। जब रवि ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए।
पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। फिलहाल चारों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या में इस्तेमाल चाकू और घटना स्थल पर उपयोग की गई बाइक बरामद की जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या ये आरोपी इससे पहले किसी अन्य आपराधिक वारदात में शामिल रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि पूरे मामले की जांच पूरी की जा सके और अपराध की सच्चाई सामने लाई जा सके।
