एसएसआरवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल नया नंगल में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन
ऊना/नंगल, 29 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- एस.एस.आर.वी.एम. सीनियर सेकेंडरी स्कूल नया नंगल में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने की कला का विकास करना था।
प्रतियोगिता में नर्सरी से लेकर कक्षा दूसरी तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छोटे-छोटे बच्चे डॉक्टर, शिक्षक, सैनिक, किसान, पेड़-पौधे, तितली, फल, कार्टून पात्र, शहीद भगत सिंह, रानी लक्ष्मीबाई तथा विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषाओं में सजकर पहुंचे। सभी बच्चों की आकर्षक वेशभूषा, अभिनय और संवाद प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
रंग-बिरंगी वेशभूषाओं से पूरा विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से भर गया। प्रतियोगिता का आयोजन अध्यापिकाओं ज्योति शर्मा, रंजीत कौर, उर्मिला देवी, निताशा, गुरप्रीत, रजनी, रितु, बलजीत कौर, प्रिया, सुजाता, अंजुमन और नितिका शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।
विद्यालय के महाप्रबंधक श्री सुमेश शर्मा ने सभी प्रतिभागी बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनमें देशभक्ति, एकता तथा सामाजिक मूल्यों की भावना भी मजबूत होती है।
