Family returning from marriage crashes, five dead

हरदोई (यूपी), 31 मई - उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में तेज रफ्तार कार के खाई में गिरने से छह साल के बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी शनिवार को एक पुलिस अधिकारी ने दी। जानकारी के अनुसार, मृतक एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। 
शाहाबाद क्षेत्राधिकारी अनुज मिश्रा ने बताया, "आलमनगर रोड पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई और खाई में गिर गई, जिससे 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक बच्चे समेत पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।" उन्होंने बताया, "प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।" 
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान जतिंदर (22), आकाश (18), सिद्धार्थ (6), रामू (35) और जौहरी (40) के रूप में हुई है। मृतक हरदोई के पाली थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। मिश्रा ने बताया कि हादसा शनिवार सुबह करीब 3 बजे हुआ, जब वे एक शादी समारोह से लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।