टीटीई को धमकाकर वसूली कर रहा फर्जी विजीलेंस अधिकारी गिरफ्तार

अंबाला, 28 जुलाई:- छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18238) में विजीलेंस अधिकारी बनकर टीटीई को धमकियां देकर पैसे वसूलने वाला आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुधीर कुमार (57) निवासी वसंत विहार, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
इस फर्जी विजीलेंस के बारे में मंगलवार देर रात कंट्रोल रूम को जानकारी दी गई, जिसके बाद यह जानकारी सीबीआई और आरपीएफ यूनिट को दी गई, जिसने ए-2 एसी कोच में छापा मारा और फर्जी विजीलेंस अधिकारी को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक फर्जी रेलवे विजीलेंस पहचान पत्र और एक मोटोरोला वॉकी-टाकी बरामद हुआ। 
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे पुलिस उसे रिमांड पर लेकर अन्य व्यक्तियों तक पहुंचेगी।