पंजाब में भीषण गर्मी और कुछ स्थानों पर बारिश

चंडीगढ़, 15 जून - पंजाब में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद बीती रात राज्य में कुछ स्थानों पर हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के अधिकतर शहरों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। पंजाब के अधिकतर शहरों में आज तापमान 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। 
राज्य में बठिंडा एयरपोर्ट इलाका सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री रहा। इस बीच, वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया है कि अगले 2-3 दिनों तक पंजाब में मौसम ऐसा ही रहेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और आंधी के बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती देर रात पटियाला, चंडीगढ़, फिरोजपुर, अबोहर और पंजाब के कई अन्य इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई है।
 बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से आज तापमान में गिरावट आई है। हालांकि पंजाब के अधिकतर शहरों में सुबह होते-होते सूरज निकल गया था, जिससे गर्मी बढ़ गई। मौसम में आए बदलाव के साथ ही आज पंजाब में बिजली की मांग में भी कमी आई। पंजाब में बिजली की मांग 14,923 मेगावाट दर्ज की गई है, जो पिछले कई दिनों से 16 हजार मेगावाट से अधिक चल रही थी। अगले 2-3 तीन दिनों में तापमान में कमी आने के साथ ही बिजली की मांग में भी और कमी आने की संभावना है। 
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज बठिंडा शहर में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री, फरीदकोट 40, अमृतसर 39.5, पठानकोट 39.8, गुरदासपुर और फिरोजपुर 39, लुधियाना 38.6, फाजिल्का 38.2, जालंधर 38.4, मोगा 38, चंडीगढ़ 37.7, होशियारपुर 37.5, मोहाली 37, फतेहगढ़ साहिब 35.1, रोपड़ 35, नवांशहर 34.8 और पटियाला में 34.1 डिग्री दर्ज किया गया।