धमाका नींद टूटी शीशे टूटे और सब दहशत में आ गए

करनाल, 23 अक्तूबर:- करनाल के रामनगर इलाके में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नाइट्रोजन गैस से भरे सिलेंडर में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक गूंज सुनाई दी। आसपास के घरों की खिड़कियों के शीशे चटक गए और गली में खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। गनीमत रही कि घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

**गुब्बारे फुलाने के काम में इस्तेमाल होता था सिलेंडर
स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाका जिस सिलेंडर में हुआ वह गुब्बारे फुलाने के काम में इस्तेमाल किया जाता था। कॉलोनीवासियों ने बताया कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद परिवार यह काम घर पर ही करता था।
 सुबह करीब सात बजे जब सभी लोग सोए हुए थे, तभी अचानक तेज धमाके की आवाज आई। लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए।
धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि जिस मकान में सिलेंडर रखा था, उसका मुख्य दरवाजा उखड़कर कई मीटर दूर जा गिरा। घर के अंदर रखे सामान को भी नुकसान पहुंचा, वहीं गली में कांच के टुकड़े बिखर गए।

**"कुछ सेकंड और रुक जाती तो खत्म हो जाती जान”
गली की एक महिला ने बताया कि वह घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी और एक्टिवा के पास कचरा फेंकने गई थी। तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और सिलेंडर दबाव के कारण इधर-उधर घूमने लगा। महिला ने बताया, “मैं डर के मारे भागी, और पीछे मुड़कर देखा तो सिलेंडर फट चुका था। अगर मैं कुछ सेकंड और वहीं रुक जाती, तो शायद जिंदा न बचती।”

**पहले भी जताई गई थी चिंता, नहीं मानी चेतावनी
रामनगर कॉलोनी के लोगों ने बताया कि गुब्बारे फुलाने का काम करने वाले परिवार को कई बार समझाया गया था कि घर में इस तरह के गैस सिलेंडर रखना खतरनाक है। कॉलोनी में पहले भी इस पर बहस हो चुकी थी, लेकिन परिवार ने लोगों की बात को अनसुना कर दिया।
मकान मालिक को भी इस बारे में चेताया गया था कि रिहायशी इलाकों में गैस का काम करना दूसरों की सुरक्षा के लिए खतरा है। लोगों ने कहा कि अब प्रशासन को ऐसे खतरनाक काम पर तुरंत रोक लगानी चाहिए।

**जानबूझकर कुछ नहीं किया, 10 साल से कर रहे थे यही काम”
गुब्बारे फुलाने का काम करने वाली महिला ने बताया कि धमाका उस समय हुआ जब सिलेंडर बाहर रखा हुआ था और नाइट्रोजन गैस घर के अंदर तैयार की जा रही थी। उन्होंने कहा, “हमने जानबूझकर कोई गलती नहीं की। हम दस साल से यही काम कर रहे हैं, लेकिन आज तक ऐसा कभी नहीं हुआ।”
महिला ने बताया कि किसी को चोट नहीं लगी, केवल घर और आसपास की संपत्ति को नुकसान हुआ है।

**पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ धमाका
रामनगर थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें सिलेंडर ब्लास्ट की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का मुआयना किया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि आसपास के मकानों और वाहनों को नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। यदि किसी की ओर से शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। धमाके का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि विस्फोट के बाद घर का दरवाजा उखड़कर कई मीटर दूर जा गिरा। पुलिस अब फुटेज को जांच में शामिल कर रही है, ताकि घटना के सही कारण और संभावित लापरवाही की जानकारी जुटाई जा सके।