बरसात से मकानों को हुए नुकसान के सर्वेक्षण कार्य में लाएं तेजी : एसडीएम राजेश खोथ
हिसार:– बरसात के कारण मकानों को हुए नुकसान की आकलन प्रक्रिया को और तेज करने के उद्देश्य को लेकर एसडीएम राजेश खोथ ने सोमवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि मकानों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण एवं रिपोर्ट तैयार करने का कार्य शीघ्र और पारदर्शी तरीके से करना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान एसडीएम राजेश खोथ ने विभागवार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की।
उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनो के अनुसार टीमें गांव-गांव जाकर नुकसान का सही आकलन करें और वास्तविक आंकड़े जुटाएं ताकि प्रभावित परिवारों को राहत योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि रिपोर्ट तैयार करते समय पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है।
एसडीएम ने कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिए कि सर्वेक्षण के दौरान प्रभावित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उन्हें पूरी सहानुभूति के साथ सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी टीमों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार फील्ड विजिट करें और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर कदम पर जनता के साथ खड़ा है और किसी भी पीड़ित परिवार को मदद से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार अनिल कुमार बिढान, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अशोक कुमार तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
