भाजपा सरकार में हर वर्ग दुखी पराग गाबा
करनाल, 31 मार्च:- जिला कांग्रेस कमेटी के शहरी अध्यक्ष पराग गाबा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान समय में हर वर्ग महंगाई से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
गाबा ने कहा कि किसान, मजदूर, व्यापारी और कर्मचारी हर वर्ग इस सरकार से दुखी हैं। बढ़ती महंगाई ने गरीब आदमी की कमर तोड़ दी है और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि रुपये की कीमत में लगातार गिरावट आ रही है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
उनके अनुसार 1 मार्च को डॉलर 91.06 रुपये था, जो अब बढक़र 94.86 रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने सरकार द्वारा पेट्रोल पर 10 रुपये एक्साइज ड्यूटी घटाने की घोषणा को केवल दिखावा बताया। उनका कहना है कि भारत लगभग 85 प्रतिशत कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है और इसका भुगतान डॉलर में किया जाता है।
ऐसे में डॉलर के महंगा होने से तेल की कीमतें स्वत: बढ़ जाती हैं और राहत का प्रभाव खत्म हो जाता है। उन्होंने कहा कि 2008 के वैश्विक आर्थिक संकट के समय भी भारत ने चुनौतियों का सामना किया, लेकिन तब आर्थिक प्रबंधन मजबूत था। निर्यात बढ़ाने, संतुलित खर्च और ठोस नीतियों के जरिए देश को संभाला गया।
आज जरूरत है उसी दूरदर्शिता और मजबूत नेतृत्व की। उन्होंने कहा कि सरकार को बढ़ती महंगाई को रोकने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए, ताकि आम आदमी को राहत मिल सके। इस अवसर पर बिंदर पोसवाल, जोगिन्द्र वाल्मीकि, दीपक चौधरी, गुरमीत सिंह, प्रवीन पुनिया और विक्रम काजल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
