वैशाख की संक्रांति पर शाम के दीवान सजाए गए

खरड़- वैशाख महीने की संक्रांति (संग्रांद) पर गुरुद्वारा श्री गुरु अर्जुन देव जी सिंह सभा, सन्नी एनक्लेव में शाम के विशेष दीवान सजाए गए। इस अवसर पर 'सोदर रहिरास साहिब' जी का पाठ मीत ग्रंथी भाई अवतार सिंह जी द्वारा किया गया, जिसके उपरांत गुरुद्वारा साहिब के हजूरी रागी भाई सिमरनजीत सिंह अंगद द्वारा 'गुरबाणी कीर्तन' किया गया। इसके बाद कथावाचक भाई सरदूल सिंह जी ने वैशाख महीने की संक्रांति के दिहाड़े पर कथा विचारों के माध्यम से संगत को गुरु इतिहास से अवगत कराया।
इस अवसर पर विशेष रूप से चंडीगढ़ वाले भाई प्रेम सिंह जी के कीर्तन जत्थे द्वारा एक घंटे तक कीर्तन किया गया। इस मौके पर गुरुद्वारा साहिब की कमेटी द्वारा आए हुए कीर्तनी जत्थे और कथावाचक को 'सिरोपाओ' भेंट कर सम्मानित किया गया।
तत्पश्चात संगत में 'गुरु का लंगर' अटूट बरताया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के अध्यक्ष सरदार रजिंदर सिंह बब्बू, महासचिव प्रेम सिंह मलोया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरमेश सिंह, कोषाध्यक्ष भगवान सिंह, हरमिंदर सिंह, गोपाल सिंह, कुलविंदर सिंह और अन्य सदस्य उपस्थित थे।