जनसेवा और त्वरित प्रतिक्रिया पर ईआरवी कर्मियों को किया गया प्रशिक्षित

हांसी:–पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल) कर्मियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन कल्याण निरीक्षक सरोज द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न ईआरवी वाहनों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान कर्मचारियों को बताया गया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया नागरिकों के विश्वास को मजबूत करती है। इसलिए प्रत्येक ईआरवी टीम को अपने क्षेत्र में सतर्क रहकर कार्य करने तथा प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कल्याण निरीक्षक सरोज ने कहा कि सड़क दुर्घटना, महिला सुरक्षा, घरेलू विवाद, झगड़ा, लापता व्यक्ति अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में ईआरवी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं बल्कि पीड़ित व्यक्ति को मानवीय दृष्टिकोण से सहायता प्रदान करना भी उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में कर्मचारियों को दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने, भीड़ नियंत्रण, घटनास्थल की सुरक्षा तथा राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। साथ ही उन्हें आमजन के साथ शिष्ट एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को धैर्यपूर्वक सुनकर उचित समाधान की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।