ऊना उद्योग जगत में उभरता सितारा उद्यमी रोहित वर्मा
टाहलीवाल/हरोली, 12 फरवरी (नारायण प्रभाकर):- औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल स्थित हिम्पा फूड्स खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में लगातार प्रगति करते हुए अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। गुणवत्ता, पारंपरिक स्वाद और आधुनिक तकनीक के समन्वय के कारण यह उद्योग आज क्षेत्र के प्रमुख उद्योगों में शामिल हो चुका है।
इस उद्योग की शुरुआत वर्ष 1980 में महेंद्र वर्मा द्वारा छोटे स्तर पर की गई थी। निरंतर मेहनत और दूरदृष्टि के बल पर यह कार्य धीरे-धीरे एक संगठित उद्योग के रूप में विकसित हुआ। वर्ष 2004 में टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में आधुनिक उत्पादन इकाई की स्थापना के बाद उद्योग ने विकास की नई गति प्राप्त की।
वर्ष 2009 में फूड टेक्नोलॉजी में बी.टेक. करने के बाद युवा उद्यमी रोहित वर्मा के व्यवसाय से जुड़ने पर उत्पादन प्रक्रिया में तकनीकी सुधार और नवाचार को बढ़ावा मिला। उनके नेतृत्व में उद्योग ने आधुनिक मशीनरी और गुणवत्ता मानकों को अपनाते हुए निरंतर विस्तार किया। वर्तमान में यह इकाई लगभग 40 मीट्रिक टन प्रतिदिन उत्पादन क्षमता के साथ कार्य कर रही है।
हिम्पा फूड्स द्वारा तैयार किए जा रहे फल-आधारित पेय पदार्थ, मुरब्बा, जूस, क्रश, स्क्वैश, जैम, अचार और केचप सहित कई खाद्य उत्पाद बाजार में लोकप्रिय हो रहे हैं। इन उत्पादों को ताजे फलों, पारंपरिक रेसिपी और आधुनिक गुणवत्ता मानकों के अनुसार तैयार किया जाता है। कंपनी अपने उत्पादों को कांच की बोतलों, पीईटी बोतलों, सैशे और बल्क पाउच सहित विभिन्न पैकेजिंग में उपलब्ध करवा रही है।
गुणवत्ता और भरोसे के कारण “हिम्पा फूड्स” के उत्पादों की मांग अब प्रदेश से बाहर देश के विभिन्न राज्यों तथा विदेशों तक पहुंच रही है। उद्योग के विस्तार से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़े हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। उद्योग क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए रोहित वर्मा कई वर्षों से हरोली ब्लॉक औद्योगिक एसोसिएशन में बतौर महासचिव नेतृत्व कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने उद्योगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और औद्योगिक क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
स्थानीय उद्योग जगत के लोगों का मानना है कि रोहित वर्मा की ऊर्जा, नेतृत्व क्षमता और नवाचारपूर्ण सोच ने “हिम्पा फूड्स” को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। कम उम्र में उद्योग क्षेत्र में उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है। टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में “हिम्पा फूड्स” की सफलता को ऊना जिला के औद्योगिक विकास का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, और उद्योग जगत में रोहित वर्मा को एक उभरते हुए युवा उद्यमी के रूप में देखा जा रहा है।
