अपनी मातृभाषा में शिक्षा ही वैज्ञानिक पद्धति प्राचार्य हरमिन्द्र सिंह
फतेहाबाद, 1जून:- राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फतेहाबाद में शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार पिछले कई दिनों से चल रहे भारतीय भाषा समर कैंप का भव्य समापन हो गया। इस विशेष कैंप के मुख्य अतिथि, मुख्य मार्गदर्शक और जाने-माने शिक्षाविद स्कूल के प्राचार्य हरमिन्द्र सिंह रहे। समापन समारोह में प्राचार्य ने छात्रों को भाषा के महत्व और जीवन में अनुशासन की सीख देते हुए उनका हौसला बढ़ाया। समारोह को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए प्राचार्य हरमिद्र सिंह ने कहा कि अपनी मातृभाषा में शिक्षा ग्रहण करना ही असली वैज्ञानिक पद्धति है। भाषा केवल संवाद का जरिया नहीं, बल्कि एक ऐसा सशक्त साधन है जिसके द्वारा हम अपने विचारों को दूसरों तक बेहद आसानी से पहुंचा सकते हैं।
छात्रों को प्रेरित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन में अधिक से अधिक भाषाओं का ज्ञान प्राप्त करना चाहिए। हमें हर भाषा का सम्मान करना चाहिए क्योंकि भाषा ही समाज, देश और पूरे विश्व को एक सूत्र में बांधने का काम करती है। यह एक पुल की तरह दो किनारों को जोडक़र रखती है। इस तपती गर्मी में भी कैंप में बढ़-चढक़र भाग लेने वाले विद्यार्थियों की पीठ थपथपाते हुए प्राचार्य सिंह ने कहा कि यह समर कैंप बच्चों के भविष्य निर्माण में एक मजबूत स्तंभ साबित होगा।
उन्होंने भावुक और प्रेरणादायक शब्दों में कहा कि इस भीषण गर्मी में जो पसीना आप आज बहा रहे हैं, एक दिन यही पसीना आपको कामयाबी के शिखर तक पहुंचाने में मददगार सिद्ध होगा। आप जितनी अधिक भाषाएं सीखेंगे, आपका जीवन उतनी ही सफलताओं से जुड़ता चला जाएगा। प्राचार्य ने छात्र जीवन को उज्ज्वल बनाने के लिए विकास की इमारत के चार मुख्य स्तंभों का जिक्र किया, जो हैं—सेवा, समर्पण, त्याग और अनुशासन। कैंप के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कई तरह के शिक्षाप्रद एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिससे विद्यार्थियों को काफी लाभ मिला।
इस सफल आयोजन के दौरान समर कैंप के नोडल अधिकारी मनोज बंसल सहित संतोष शीला, कविता, मनीष शर्मा, रवि कंबोज, बलराज शर्मा, अमन, लवली, सतवीर सिंह, रामपाल, प्रियंका, अभिलाषा, शायर देवेंद्र कुमार , संजय, राहुल, संदीप, रेनू, कुलविंदर, विजेंद्र, बुधराम सहित समस्त पीजीटी स्टाफ मौजूद रहा। साथ ही अनुराधा शास्त्री, विनोद, सत्येंद्र, मनदीप, पूजा, सुभाष चंद्र, नेहा शर्मा, सरला, सरिता, कृष्णा, बिट्टू राम, मनोज सहित स्कूल के समस्त टीजीटी अध्यापक एवं अध्यापिकाओं ने उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
