जनसहयोग से ही जड़ से खत्म होगा नशे का कारोबार डीएसपी मोहन रावत
हरोली/ऊना, 27 जून (राजवीर चोपड़ा):- औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सरकार के निर्देशानुसार नशा मुक्ति अभियान के तहत एक जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हरोली के डीएसपी मोहन रावत ने की। इस अवसर पर थाना प्रभारी टाहलीवाल रिंकू सूर्यवंशी अपनी पुलिस टीम सहित उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी मोहन रावत ने कहा कि नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल एवं सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि लोगों का सहयोग मिले और वे नशा तस्करों से जुड़ी गुप्त एवं सटीक जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं, तो ऐसे लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में आसानी होगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या बाहरी व्यक्ति के बारे में जानकारी छिपाने के बजाय पुलिस को तुरंत सूचित करें, ताकि समय रहते जांच कर उचित कार्रवाई की जा सके।
डीएसपी ने अभिभावकों से भी अपने बच्चों की दिनचर्या और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता यह सुनिश्चित करें कि उनके बच्चे गलत संगति में न पड़ें तथा चिट्टा, भूकी और अन्य नशों से पूरी तरह दूर रहें।
बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने भी अपने विचार रखे तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन का हर संभव सहयोग करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत टाहलीवाल के उपप्रधान राज कुमार मल्ली, पार्षद अजय सहगल, अशोक कुमार राणा, प्रदीप राणा, आशा वर्कर आशा देवी, विद्यालय की प्रिंसिपल, अरुण कुमार रिम्पी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
