ड्रामा धमकी और 5 लाख का खेल असंध में फर्जी इश्क़ का पर्दाफाश

करनाल,30 अक्तूबर: करनाल जिले के असंध क्षेत्र में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक व्यक्ति से  5 लाख रुपये वसूलने की कोशिश करने के आरोप में माँ–बेटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवती को ₹20,000 लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया, जबकि उसकी माँ को बाद में हिरासत में लिया गया।

**फार्मासिस्ट को धमकाकर मांगे थे 5 लाख
डीएसपी असंध गोरखपाल राणा ने बताया कि शिकायत एक फार्मासिस्ट सुनील ने दर्ज कराई थी। उसके मेडिकल स्टोर पर तीन लड़कियाँ काम करती थीं, जिनमें से एक लड़की करीब एक महीने पहले वहां नौकरी पर लगी थी। लगभग 15–20 दिन काम करने के बाद युवती ने फार्मासिस्ट को फंसाने की साजिश रचनी शुरू कर दी। उसने फार्मासिस्ट पर गलत आरोप लगाकर रेप केस दर्ज करने की धमकी दी और बदले में पाँच लाख रुपये की मांग की। युवती की माँ भी फोन पर धमकी देती रही कि पैसे नहीं दिए तो पुलिस में मामला दर्ज कर दिया जाएगा।

**शिकायत और सबूतों के बाद पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित ने युवती और उसकी माँ की बातचीत के ऑडियो–वीडियो सबूत इकट्ठे किए और पुलिस को सौंप दिए। सबूतों की पुष्टि के बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने जाल बिछाया। रोकड़ के तौर पर ₹20,000 की डील तय हुई और जैसे ही युवती ने पैसे लिए, पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया। थोड़ी देर बाद उसकी माँ को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

**पहले ही दे चुका था ₹30,000
जांच में पता चला कि पीड़ित फार्मासिस्ट पहले ही ₹30,000 उनके खाते में ट्रांसफर कर चुका था। जब वह आज 20,000 रुपये देने पहुंचा तो पुलिस ने रेड कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

**पुलिस की अपील
डीएसपी राणा ने कहा कि ऐसे हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के मामलों में किसी को डरने की जरूरत नहीं है। पीड़ित तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।