डॉ. रवजोत सिंह ने कंडी क्षेत्र को दी बड़ी सौगात

होशियारपुर- कंडी क्षेत्र के लोगों के लिए यह राहत भरी खबर है। वर्षों से बिजली संकट से जूझ रहे जनौरी और झमेड़ी पट्टी गांवों को अब आने वाले दिनों में 24 घंटे निर्बाध बिजली मिलेगी। स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने इस महत्वपूर्ण घोषणा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने इस क्षेत्र को शहरी पैटर्न में शामिल किया है, जिससे यहां शहरों की तरह निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध होगी।
स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि करीब 14-15 साल पहले गांव जनौरी में 66 केवी सब-स्टेशन स्थापित किया गया था, लेकिन लंबे समय तक यह स्टेशन शहरी ग्रिड से नहीं जुड़ पाया था, जिस कारण ग्रामीणों को बार-बार बिजली कटों का सामना करना पड़ता था। अब इस सब-स्टेशन को पूरी तरह शहरी सप्लाई सिस्टम से जोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है, जिससे आने वाले दिनों में लोगों को 24 घंटे निर्विघ्न बिजली मिलनी शुरू हो जाएगी। 
डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि यह फैसला न केवल बिजली सुधार की दिशा में एक कदम है, बल्कि कंडी क्षेत्र के सर्वपक्षीय विकास की दिशा में भी एक ऐतिहासिक कदम है। इससे क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और कृषि जैसे क्षेत्रों को भी नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि कंडी क्षेत्र का समुचित विकास उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में इस क्षेत्र को बुनियादी सुविधाओं से पूरी तरह लैस करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
 स्थानीय निकाय मंत्री ने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान का विशेष आभार व्यक्त किया और इस उपलब्धि के लिए सभी क्षेत्र निवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ बिजली नहीं है, बल्कि इस क्षेत्र के लिए उज्ज्वल भविष्य की रोशनी है।