राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छेत्रा में डॉ अवतार सिंह का प्रेरणादायक संबोधन

टाहलीवाल/हरोली,  6 फरवरी (नारायण प्रभाकर):- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छेत्रा में शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें एनसीईआरटी के विभागाध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त एवं अचीवमेंट सर्वे के पूर्व नेशनल को-ऑर्डिनेटर डॉ. अवतार सिंह ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और स्टाफ के साथ संवाद किया। वर्तमान में वे भारत सरकार के जनजातीय विभाग में सलाहकार के रूप में कार्य कर रहे हैं तथा विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शिक्षा परियोजनाओं से भी जुड़े रहे हैं।
 बैठक के दौरान डॉ. अवतार सिंह ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधार, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर शिक्षकों को जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों को अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार अपनाने और विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए प्रेरित किया।
 इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद द्विवेदी ने डॉ. अवतार सिंह के विद्यालय आगमन पर उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।