ऊना में डॉ आंबेडकर हिमाचल प्रदेश मेरिट अवार्ड योजना परीक्षा 2026 की घोषणा
ऊना, 12 फरवरी:- डॉ. बी. आर. आंबेडकर जन कल्याण फाउंडेशन, हिमाचल प्रदेश द्वारा प्रदेशाध्यक्ष दुर्गा दास हीरा की अध्यक्षता में आयोजित ऑनलाइन बैठक में ‘डॉ. आंबेडकर हिमाचल प्रदेश मेरिट अवार्ड योजना परीक्षा 2026’ आयोजित करने की घोषणा की गई। बैठक में जिला ऊना अध्यक्ष नरेश कुमार सैंसोवाल सहित हरिचंद संधू, गुरमैल सिंह, अंकुश हीरा, शरद चंद्र, मुकेश सेहजल, नरेश भाटिया, संजय, मदन लाल, बलविंदर, बिम्बो कुमारी, दिलबाग सिंह, किशन चंद और राम जी दास उपस्थित रहे।
बैठक में कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस परीक्षा के आयोजन का निर्णय लिया गया। फाउंडेशन के अनुसार यह योजना प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
परीक्षा का आयोजन 5 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एडुपेस एजुकेशन, डीएबी स्कूल ऊना के निकट किया जाएगा। मेरिट अवार्ड योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 21,000 रुपये, द्वितीय को 11,000 रुपये, तृतीय को 5,000 रुपये तथा चौथे से चौदहवें स्थान तक प्रत्येक को 1,000 रुपये दिए जाएंगे।
फाउंडेशन ने बताया कि इस पहल का संचालन एडुपेस एजुकेशन ऊना द्वारा किया जाएगा। संस्था का मानना है कि यह योजना प्रदेश के युवाओं में शिक्षा, उत्कृष्टता और सशक्तिकरण की भावना को सुदृढ़ करेगी। पात्र विद्यार्थी ऑनलाइन पंजीकरण के लिए फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
