लेट मत करो वरना दांत देंगे दर्द का झटका

करनाल, 24 मार्च: सेक्टर-6 स्थित डिस्पेंसरी में स्वास्थ्य निदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार “हैप्पी माउथ ईज ए हैप्पी लाइफ  स्लोगन के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉक्टर रविंद्र नरवाल ने सिविल डिस्पेंसरी सेक्टर 6 में आए लोगों को दांतों की सही देखभाल और मौखिक स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. नरवाल ने बताया कि अधिकांश लोग दांतों की नियमित देखभाल नहीं करते । दांत जब पूरी तरह खराब  हो जाते हैं तब लोग डॉक्टर के पास जाते हैं। तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। उन्होंने कहा कि यह लापरवाही आगे चलकर दांतों की सड़न, पायरिया और अन्य गंभीर बीमारियों का कारण बनती है।
उन्होंने लोगों को एक महत्वपूर्ण टिप्स देते हुए बताया कि रोजाना नमक के पानी से कुल्ला करने से दांत और मसूड़े स्वस्थ रहते हैं और दांतों में कीड़ा लगने की संभावना कम हो जाती है। लेकिन लोग इस सरल और प्रभावी उपाय को नजरअंदाज कर देते हैं और केवल दवाइयों पर ज्यादा निर्भर रहते हैं, जो सही नहीं है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दांतों की नियमित सफाई, दिन में दो बार ब्रश करने, मीठे खाद्य पदार्थों का सीमित सेवन करने और समय-समय पर दंत चिकित्सक से जांच करवाने की सलाह दी। साथ ही सही तरीके से ब्रश करने की विधि भी समझाई गई।
डॉ. नरवाल ने दांतों में सड़न, पायरिया और अन्य दंत रोगों के लक्षणों और बचाव के उपायों के बारे में भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन समस्याओं पर ध्यान दिया जाए तो गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।
इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को दांतों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने दांतों की देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की और इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।