करनाल में डॉन की एंट्री बीजेपी नेता से 2 करोड़ की फिरौती मांगी
करनाल, 06 जनवरी:- हरियाणा के करनाल में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए हैं। भाजपा नेता और करनाल की नई अनाज मंडी के प्रधान से 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने विदेशी नंबर से वॉट्सऐप पर वॉयस मैसेज भेजकर फिरौती की मांग की और जान से मारने की धमकी दी है। बदमाशों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर संपर्क नहीं किया गया तो ऐसा कदम उठाया जाएगा, जिसे पीड़ित जिंदगी भर याद रखेगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़ित के परिवार और दोस्तों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है। पीड़ित आढ़ती ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है, जिसके आधार पर थाना सिटी करनाल में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
**नई अनाज मंडी में आढ़त की दुकान:
पीड़ित सुरेंद्र त्यागी की करनाल की नई अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 जनवरी की शाम करीब 6 बजे वह अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक विदेशी नंबर से वॉट्सऐप पर वॉयस मैसेज आया, जिसमें 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई और 24 घंटे का समय दिया गया।
**दोबारा कॉल, फिर दी जान से मारने की धमकी:
इसके बाद 5 जनवरी की दोपहर करीब ढाई बजे उसी नंबर से दोबारा कॉल आई, जिसे सुरेंद्र त्यागी ने रिसीव नहीं किया। कॉल न उठाने पर बदमाशों ने फिर से वॉयस मैसेज भेजा, जिसमें उन्हें, उनके परिवार और दोस्तों को जान से मारने की धमकी दी गई।
**पहले भी मिल चुकी है धमकी:
सुरेंद्र त्यागी ने बताया कि इससे पहले भी 14 जून 2025 को एक अन्य विदेशी नंबर से इसी तरह की धमकी मिल चुकी थी। लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह और उनका परिवार भय के माहौल में जी रहा है। उन्होंने मामले की लिखित शिकायत पुलिस चौकी सेक्टर-4 करनाल में दी थी।
**पुलिस का बयान:
चौकी इंचार्ज एसआई राजन ने बताया कि मंडी प्रधान सुरेंद्र त्यागी से 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगे जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। फिरौती वॉट्सऐप कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए मांगी गई है। करीब छह महीने पहले भी इस तरह की कॉल आई थी, लेकिन उस समय कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई थी।
अब दोबारा फिरौती की कॉल आने पर शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। कॉल किसने की और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर लिया जाएगा।
