तीन दिनों से खड़ी कार में से डॉक्टर की लाश मिली

अंबाला, 4 अगस्त:- मंगलवार सुबह शहर के सेक्टर-10 में सिटी पॉलीक्लीनिक कैंपस के बाहर पिछले तीन दिन से खड़ी कार में से संदिग्ध हालत में सरकारी डॉक्टर की लाश मिली है। मृतक की पहचान डॉ. नंदन कुमार झा के तौर पर हुई है जो इस समय पतरेहड़ी गांव के प्राइमरी हेल्थ सेंटर में तैनात था और इससे पहले वह कई साल इस पॉलीक्लीनिक में तैनात रहा था। उसकी लाश खड़ी कार की पिछली सीट से संदिग्ध हालत में पड़ी थी। लाश लगभग दो से तीन दिन पुरानी बताई जा रही है और बहुत ज्यादा सड़ने के कारण पूरी तरह काली हो गई थी। 
आज सुबह जब पॉलीक्लीनिक स्टाफ ड्यूटी के लिए पहुंचा तो उन्होंने काफी समय के लिए बाहर एक कार खड़ी देखी। उन्होंने नजदीक जा कर देखा तो पिछली सीट पर डॉक्टर की लाश पड़ी थी। स्टाफ ने तुरंत पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के सीनियर अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार कार (नंबर एचआर 01-एक्यू-4000) डॉक्टर की अपनी थी और डिक्की में से शराब की एक बोतल, एक गिलास और कपड़ों का बैग भी मिला। रिपोर्टों के अनुसार, डॉ. नंदन कुमार झा की पत्नी की पिछले साल अक्टूबर में मौत हो गई थी जिसके बाद उसकी तैनाती पतरेहड़ी पीएचसी में हो गई थी। वह अपनी पत्नी की असमय मौत के बाद काफी शांत और मानसिक तौर पर तनाव में था। उनके कोई बच्चा भी नहीं था। 
पुलिस ने कार को अपने अधीन ले लिया है और सबूत इकट्ठे किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उसके परिवार को सूचित कर दिया गया है। स्थानीय निवासी नीरू वडेरा ने बताया कि वह डॉ. झा को जानते थे और उसे कार चलानी नहीं आती थी।