डॉक्टर का शव फंदे पर मिला सुसाइड नोट में तीन लोगों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

करनाल, 29 जून:- जिले में एक डॉक्टर का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मौके से मिले कथित सुसाइड नोट में डॉक्टर ने अपनी मौत के लिए तीन लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर सात लाख रुपये की मांग और लगातार मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, डॉक्टर पर पहले लगे अवैध रूप से नशे के इंजेक्शन लगाने के आरोपों को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है। 
पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट में तीन लोगों के नाम लिखे मिले हैं, जिन पर सात लाख रुपये की मांग करने और लगातार परेशान करने का आरोप लगाया गया है। 
शुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक मृतक डॉक्टर पहले भी विवादों में रहे थे। उन पर इलाके में अवैध रूप से नशे के इंजेक्शन लगाने के आरोप लगे थे। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं इस विवाद का संबंध आत्महत्या और कथित उगाही से तो नहीं है। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।