बाल भिक्षा रोकथाम हेतु जिला टास्क फोर्स द्वारा की गई चेकिंग
होशियारपुर- पंजाब सरकार द्वारा बाल भिक्षा की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे प्रोजेक्ट जीवनजोत-2 के तहत दसूहा के विभिन्न क्षेत्रों रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, हाजीपुर चौक, ब्लग्गणा चौक में बाल भिक्षा रोकने हेतु रेड की गईं और आम जनता को बाल भिक्षा के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।
जिला प्रोग्राम अधिकारी गगनदीप सिंह ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर के दिशा-निर्देशों और डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के मार्गदर्शन में समय-समय पर चेकिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह चेकिंग बाल कल्याण कमेटी की चेयरपर्सन के नेतृत्व में हरजीत कौर की टीम द्वारा जिला स्तरीय बाल भिक्षा रोकथाम टास्क फोर्स के साथ मिलकर की गई। इस दौरान हाजीपुर से 3 बच्चों को बाल भिक्षा से मुक्त करवाकर बाल कल्याण कमेटी, होशियारपुर के समक्ष पेश किया गया। कमेटी की ओर से बच्चों की काउंसलिंग की गई और उनकी भलाई को ध्यान में रखते हुए उन्हें नारी निकेतन, जालंधर में दाखिल किया गया।
बाल कल्याण कमेटी की चेयरपर्सन की ओर से आम जनता से अपील की गई कि यदि कोई बच्चा भीख मांगता या बाल मजदूरी करता हुआ दिखाई दे, तो इसकी सूचना बाल हेल्पलाइन 1098 पर दें, ताकि आपकी एक पहल किसी बच्चे की जिंदगी बदल सके। उन्होंने बताया कि 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी जिला बाल सुरक्षा यूनिट, होशियारपुर से या बाल हेल्पलाइन 1098 पर फोन करके प्राप्त की जा सकती है।
जिला बाल सुरक्षा अधिकारी हरप्रीत कौर ने बताया कि स प्रकार की चेकिंग पहले भी की जा रही है और आगे भी लगातार जारी रहेगी। यदि कोई माता-पिता बच्चे से भीख मंगवाते पाए गए, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। बच्चों की सुरक्षा और देखभाल के संबंध में जिला बाल सुरक्षा यूनिट, राम कॉलोनी कैंप, होशियारपुर से हमेशा संपर्क किया जा सकता है। इस रेड के दौरान बाल कल्याण कमेटी के सदस्य जगदीश मित्तर, केस वर्कर जसविंदर सिंह तथा दसूहा पुलिस कर्मचारी भी मौजूद थे।
