जिला रेडक्रॉस शाखा ने खरड़ में रक्तदान शिविर लगाया
साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 27 जनवरी: श्रीमती आशिका जैन, आईएएस डिप्टी कमिश्नर-कम-अध्यक्ष, जिला रेडक्रॉस शाखा, एसएएस नगर के संरक्षण में हिमाचली एकता मंच के सहयोग से गणतंत्र दिवस के अवसर पर पालम हाइट्स सोसायटी, सेक्टर-125, नजदीक क्लाइमेट टावर जंडपुर, खरड़ में रक्तदान शिविर लगाया गया।
इस शिविर में डॉ. अंकिता कंसल, पीसीएस सहायक कमिश्नर (जे)-कम-अवैतनिक सचिव, जिला रेडक्रॉस शाखा ने भाग लिया और रक्तदाताओं को बैज देकर अधिक से अधिक रक्तदान करने के लिए प्रोत्साहित किया। शिविर में सिविल अस्पताल, फेज-6, मोहाली के डॉक्टरों की टीम द्वारा 26 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
इस अवसर पर सहायक कमिश्नर-कम-अवैतनिक सचिव जिला रेडक्रॉस ने बताया कि रक्तदान एक महान दान है, जिसके माध्यम से कई अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों में यह भ्रांति है कि रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी आती है, जबकि रक्तदान करने से कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि हर स्वस्थ व्यक्ति को 90 दिन में एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। इससे जरूरतमंदों की मदद होने के साथ-साथ शरीर भी स्वस्थ रहता है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसा पुण्य कार्य बहुत बड़ी सेवा है। इसे जन आंदोलन बनाने की जरूरत है, क्योंकि रक्त किसी दवा आदि से तैयार नहीं किया जा सकता, बल्कि व्यक्ति अपनी इच्छानुसार दान कर सकता है। इस शिविर के दौरान रेडक्रॉस सचिव हरबंस सिंह ने लोगों को रेडक्रॉस द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों जैसे प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण, रोगी देखभाल परिचर सेवा, जन औषधि स्टोर योजना तथा ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बैंक सुविधा आदि के बारे में जानकारी दी।
अंत में सचिव जिला रेडक्रॉस शाखा ने आम जनता से अपील की कि हमें अधिक से अधिक रक्तदान व अंगदान शिविरों का आयोजन करना चाहिए। इसके साथ-साथ गांवों में अधिक से अधिक रक्तदान व अंगदान शिविरों का आयोजन कर लोगों को जागरूक करना चाहिए तथा अगर किसी संगठन या एनजीओ को शिविर आयोजित करने के लिए किसी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता है, तो वह रेडक्रॉस शाखा से संपर्क कर सकता है।
