हीट वेव को लेकर जिला प्रशासन सतर्क स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी का पालन करें आशिका जैन

होशियारपुर:- जिले में आगामी दिनों के दौरान हीट वेव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी के मद्देनजर जिला वासियों से अपील की है कि वे लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और विशेष सावधानी बरतें।
उन्होंने कहा कि लोग दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच तेज धूप में बाहर निकलने से यथासंभव परहेज करें। स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार नवजात शिशु, छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग, मजदूर, मोटापे से ग्रस्त व्यक्ति, मानसिक रोगों से पीड़ित लोगों तथा हृदय रोगियों को विशेष रूप से अधिक तापमान से बचने की आवश्यकता है।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि बाहर कार्य करते समय हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने चाहिए, जो शरीर को पूरी तरह ढकते हों। इसके अलावा सिर को सीधी धूप से बचाने के लिए छाता, टोपी, तौलिया, पगड़ी अथवा दुपट्टे का इस्तेमाल किया जाए तथा नंगे पैर धूप में जाने से बचा जाए।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में तरबूज, खरबूजा, अंगूर, खीरा, टमाटर, लौकी और तोरी जैसी मौसमी फल एवं सब्जियों का अधिक सेवन करना चाहिए, क्योंकि इनमें पानी की मात्रा अधिक होती है। इसके साथ ही ओआरएस, नींबू पानी, लस्सी, नारियल पानी तथा अन्य तरल पदार्थों का अधिक से अधिक सेवन किया जाना चाहिए।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि दिन के सबसे गर्म समय में खाना बनाने से बचना चाहिए तथा रसोई में पर्याप्त वेंटिलेशन बनाए रखने के लिए दरवाजे और खिड़कियां खुली रखनी चाहिए। उन्होंने लोगों से सिगरेट, तंबाकू, बीड़ी और शराब के सेवन से दूर रहने तथा चाय और कॉफी का सीमित उपयोग करने की अपील की। साथ ही तले-भुने और बाहर के खाद्य पदार्थों से परहेज करने की भी सलाह दी।
उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी अपनाकर लू और गर्मी से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है।