यूपी से गेहूं की आवक पर सख्त कदम उठाने के निर्देश
करनाल, 21 अप्रैल:- उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने जिला की मंडियों में उत्तर प्रदेश से आने वाले गेहूं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि यदि ऐसे मामलों में किसी आढ़ती की मिलीभगत पाई जाए तो फौरन उसका लाइसेंस रद्द किया जाए अन्यथा मंडी सचिव पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मंडियों में गेहूं उठाने के कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त आज यहां जिला सचिवालय सभागार में जिला के एसडीएम और गेहूं खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कई स्थानों से यूपी से जिला की मंडियों में गेहूं पहुंचने की शिकायतें मिल रही हैं। इसे हर हाल में रोकना होगा। उन्होंने कहा कि गेहूं की बाहरी आवक में यदि किसी आढ़ती की मिलीभगत पाई जाए तो तुरंत उसका लाइसेंस रद्द किया जाए। ऐसे मामलों में यदि मंडी सचिवों की ढील सामने आई तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त श्री शर्मा ने खरीद एजेंसियों को गेहूं के उठान कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। असंध और घरौंडा में साइलों पर मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि लोड होकर जाने वाले गेहूं को वहां वाहनों से तुरंत उतारा जा सके ताकि मंडियों से उठान का कार्य सुचारू रूप से हो सके। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें, किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. राहुल रईया, डीएफएससी मुकेश कुमार, हैफेड, वेयर हाउस के जिला प्रबंधक, जिला की मार्केट कमेटियों के सचिवों ने भाग लिया। बैठक में संबंधित एसडीएम वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।
