अपनी जिम्मेदारी लेते हुए धर्मेंद्र प्रधान को देना चाहिए इस्तीफा हुड्डा
करनाल, 24 जुलाई:- पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि पेपर लीक के खिलाफ तमाम विद्यार्थियों और विपक्ष की मांग पूरी तरह जायज है। आज सारा देश शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। उन्हें अपनी जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
हुड्डा इंद्री में वरिष्ठ नेता भीम सेन मेहता के भाई के निधन पर शोक प्रकट करने पहुंचे थे। इसके बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में एक के बाद एक पेपर लीक हो रहे हैं। इसीलिए देशभर के विद्यार्थी एग्जाम प्रक्रिया में रिफॉर्मे को लेकर आंदोलनरत हैं। और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा भी मांग रहे है,धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।
बीजेपी ने हरियाणा को भी पेपर लीक का गढ़ बना दिया है। पिछले लगभग 12 साल से जिम्मेदार विपक्ष होने के नाते कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को उठा रही है। सरकार ने इसकी जांच का ढकोसला तो किया, लेकिन न तो कभी जांच रिपोर्ट सामने आई और न ही दोषियों पर कार्रवाई हुई। यानी चाहे हरियाणा हो या केंद्र, दोनों जगह सरकार पेपर लीक को संरक्षण दे रही हैं। ऐसे में सरकार की जवाबदेही तय होनी जरूरी है।
जो सरकार अब नए कानून बनाने के लिए कैबिनेट मीटिंग कर रही है, वो वक्त रहते जाग जाती तो लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ ना होता।
