गुरपलाह पंचायत को गुरपलाह साहिब नाम देने पर उपमुख्यमंत्री का जताया आभार
हरोली/ऊना, 16 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- नई पंचायतों के गठन के बाद बाथू क्षेत्र में बनी गुरपलाह पंचायत का नाम “गुरपलाह साहिब” रखने की मांग स्वीकार करने पर सिख संगत ने हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया है।
संतोखगढ़, हरोली व जिला ऊना की सिख संगत की ओर से जारी बयान में कहा गया कि गुरपलाह क्षेत्र में दसवें सिख गुरु गुरु गोविंद सिंह जी से जुड़ा ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब स्थित है, जो सिख समुदाय के लिए अत्यंत पवित्र और आस्था का केंद्र है। इसी धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए सिख संगत ने ग्राम सभा गुरपलाह को “गुरपलाह साहिब” के रूप में मान्यता देने का अनुरोध किया था।
बताया गया कि उपमुख्यमंत्री ने सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस मांग पर सकारात्मक और त्वरित कार्रवाई की, जिससे पूरे क्षेत्र और सिख समुदाय में खुशी की लहर है।
सिख संगत के प्रतिनिधियों ने कहा कि गुरपलाह साहिब का क्षेत्र धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसे “साहिब” के रूप में मान्यता मिलना पूरे क्षेत्र और सिख समुदाय के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से न केवल सिख संगत की भावनाओं को सम्मान मिला है, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक विरासत को भी नई पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर डॉ. दलजीत सिंह भिंडर (विशेष समिति सदस्य, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी), भाई गुरदीप सिंह (प्रभारी, सिख मिशन हिमाचल प्रदेश), भाई कुलविंदर सिंह (ग्रंथी, गुरुद्वारा गुरपलाह साहिब), भाई वरिंदर सिंह (प्रधान, हीरां पंचायत) सहित सिख मिशन हिमाचल प्रदेश के प्रतिनिधियों और गुरपलाह साहिब की सिख संगत ने उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
