ताऊ देवीलाल स्टेडियम में सफ़ाई का बुरा हालओ पी सिहाग
हरियाणा/पंचकूला:– जननायक जनता पार्टी के पंचकूला ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने कहा है कि पंचकूला का अंतरराष्ट्रीय स्तर का ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स आज साफ सफ़ाई के लिए तरस रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी सरकारों द्वारा समय-समय इस स्टेडियम में विभिन्न खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस खेल के मैदान एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करके स्पोर्ट्स विभाग को सौंपे हैं पर खेल विभाग के अधिकारियों की लापरवाही एवं नालायकी के कारण साफ सफाई के मामले में य़ह अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बिल्कुल फिसड्डी साबित हुआ है।
जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने कहा कि वहां पर सुबह घूमने जाने वाले पंचकूला निवासियों ने उनको बताया कि स्टेडियम की हर सड़क एवं विभिन्न खेल के मैदानों के आसपास एवं वहां के शौचालयों में गन्दगी का आलम है। हर जगह गन्दगी एवं पेड़ों के सूखे पत्ते बिखरे पड़े हैं लगता है वहां किसी ने कभी सफ़ाई की ही नहीं है।
जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग एवं ज़िला सचिव सुरिन्दर चड्डा ने आज पूरे स्टेडियम का दौरा किया तथा पाया कि इतना अच्छा बना हुआ ताऊ देवी लाल स्टेडियम साफ-सफ़ाई के मामले में बुरी तरह खराब हालत में है। स्टेडियम के मुख्य द्वार से लेकर हर जगह सफ़ाई नहीं किए जाने से गन्दगी ही गन्दगी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम में हर महीने क्रिकेट सहित अन्य खेलों के बड़े बड़े टूर्नामेंट होते रहते हैं। देश भर से काफी संख्या में खिलाड़ियों का यहां आना होता है इसके अतिरिक्त पंचकूला के सेंकड़ों लोग यहां सुबह शाम घूमने भी आते हैं।
यहां अच्छी सफ़ाई नहीं होने से पूरे पंचकूला की बदनामी होने के साथ यहां खेलने वाले एवं होस्टलों में रहने वाले खिलाड़ियों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ता है। उन्होंने खेल विभाग के निदेशक एवं ज़िला उपायुक्त से आग्रह किया है कि स्टेडियम की साफ सफाई बारे तुरंत आवश्यक कदम उठाए जाए तथा भविष्य के लिए पर्याप्त संख्या में सफ़ाई कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए।
