युवक सेवाएं विभाग ने करवाई रेड रिबन क्लबों की एडवोकेसी मीटिंग

होशियारपुर:- युवक सेवाएं विभाग होशियारपुर के सहायक डायरेक्टर प्रीत कोहली ने जिले के रेड रिबन क्लबों के समस्त प्रोग्राम अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरेक संस्था द्वारा सेशन 2026-27 के दौरान कम से कम एक खूनदान कैंप जरूर लगाया जाए। वे आज स्थानीय रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में रेड रिबन क्लबों की एडवोकेसी मीटिंग के दौरान संबोधित कर रहे थे। इस दौरान समस्त रेड रिबन क्लबों के प्रोग्राम अफसरों, नुमाइंदों को मुख्य दफ्तर से प्राप्त ग्रांट भी वितरित की गई और जिले के रेड रिबन क्लबों को 2025-26 के दौरान किए जाने वाले कामों से अवगत कराया गया।
सहायक डायरेक्टर युवक सेवाओं ने 2025-26 सेशन के दौरान करवाई गई गतिविधियों की समीक्षा की, वहीं साल 2026-27 के दौरान रेड रिबन क्लबों के तहत होने वाली गतिविधियों संबंधी भी जानकारी दी गई। इस समारोह के दौरान जिला होशियारपुर के रेड रिबन नोडल अफसर हाजिर थे।
सहायक डायरेक्टर प्रीत कोहली ने कहा कि इन क्लबों के चलते जिले के कॉलेजों, नर्सिंग कॉलेजों, बहुतकनीकी कॉलेजों से सीधा संपर्क कायम हुआ है और विभाग की अन्य गतिविधियां भी इन संस्थाओं में बढ़िया तरीके से चलाई जा रही हैं। प्रीत कोहली ने कहा कि 14 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय मिनी मैराथन 5 किलोमीटर करवाई जा रही है। जिसमें समस्त कॉलेजों के छात्र भाग लेंगे और उन्हें नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
सहायक डायरेक्टर की ओर से अपनी टीम के सहयोग से आए हुए नोडल अफसरों को एचआईवी और नशे के बुरे प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने समस्त कॉलेजों से कहा कि वे अपने-अपने कॉलेजों में छात्रों को ऐसे सेमिनार लगाने के लिए प्रेरित करें।
प्रीत कोहली की ओर से छात्रों के साथ खूनदान, आंख दान और अंग दान संबंधी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने अपने संक्षिप्त और अहम भाषण के दौरान छात्रों को अपने शब्दों से जोड़ा और उनके अंदर इंसानियत की भावना पैदा करने की ज्वाला जगाई।
इस मौके पर डा. कुलदीप कौर वालियां, डीएसडब्ल्यू रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी होशियारपुर की ओर से समस्त मेहमानों का सम्मान किया गया। इस मौके पर जिले के समस्त कॉलेजों के नोडल अफसरों के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।