सर्व समाज सभा की बैठक में फिर उठी सीवरेज सफाई की मांग
रतिया, 16 जुलाई:- सर्व समाज सभा, रतिया की मासिक विशेष बैठक सभा के अध्यक्ष सतपाल जिंदल की अध्यक्षता में बाबा नामदेव धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत रतिया के समाजसेवी अमर गोयल तथा हरियाणा के उद्योगपति सूरजमल गोयनका के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से मांग उठाई कि शहर के बीच स्थित वेयरहाउस को शहर से बाहर स्थानांतरित किया जाए। सदस्यों का कहना था कि लगभग चार एकड़ क्षेत्र में बने वर्तमान वेयरहाउस की भूमि पर आधुनिक व्यावसायिक परिसर विकसित किया जा सकता है, जहां विभिन्न बैंकों सहित अन्य सरकारी एवं निजी संस्थानों की स्थापना से शहर के विकास को नई गति मिलेगी। इस संबंध में हरियाणा के मुख्यमंत्री से मिलकर मांग रखने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में बरसात के मौसम को देखते हुए शहर की सीवरेज व्यवस्था और वर्षा जल निकासी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने प्रशासन से मांग की कि बरसाती पानी की निकासी सुनिश्चित करने के लिए सीवरेज की तत्काल प्रभाव से व्यापक सफाई करवाई जाए, ताकि जलभराव और लोगों को होने वाली परेशानियों से बचा जा सके।
इसके अलावा बैठक में नई कॉलोनियों एवं भवन निर्माण के दौरान गलियों में मकानों का स्तर (लेवल) एक समान रखने की मांग भी उठाई गई। सदस्यों ने कहा कि नगर परिषद भवन निर्माण की अनुमति देते समय यह सुनिश्चित करे कि किसी भी गली में मकान ऊंचे-नीचे न बनें, जिससे भविष्य में जल निकासी और आवागमन संबंधी समस्याएं उत्पन्न न हों।
इस अवसर पर सभा अध्यक्ष सतपाल जिंदल, महासचिव डॉ. नैब सिंह मंडेर, सह-सचिव रणधीर मौलिया, कोषाध्यक्ष शेर सिंह भुल्लर, प्रेस सचिव हैप्पी सिंह सेठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन जगजीत सिंह, उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह नैन, राजपाल ग्रोवर, सुरेंद्र कुमार गर्ग, जगजीत सिंह ढिल्लों, धर्मपाल शर्मा,राजिंदर मोंगा, बिन्ना जिंदल सहित सर्व समाज सभा के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
