जुलाई 2025 सत्र के लिए इग्नू में दाखिले के लिए डीईबी आईडी जरूरी
चंडीगढ़, 23 जून-इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने जुलाई 2025 सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है। इग्नू का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने ज्ञान को बढ़ाने के लिए समान अवसर प्रदान करना है। इग्नू दूरदराज के क्षेत्रों और गांवों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्रदान करने के लिए काम कर रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय प्रवक्ता ने बताया कि यूजीसी-डीईबी ने सभी ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग और ऑनलाइन कार्यक्रमों के लिए नई दाखिला प्रक्रिया शुरू की है। यूजीसी-डीईबी सार्वजनिक नोटिस के अनुसार अब प्रत्येक विद्यार्थी को किसी भी ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग या ऑनलाइन पाठ्यक्रम में पंजीकरण करने से पहले अपनी एबीसी आईडी का उपयोग करके डीईबी-आईडी बनाना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी यूजीसी-डीईबी की वेबसाइट https://deb.ugc.ac.in/StudentDeBID पर जाकर या डिजिलॉकर https://www.digilocker.gov.in के माध्यम से डीईबी-आईडी या www.abc.gov.in पर जाकर अपने आधार कार्ड, पैन कार्ड के साथ अपनी एबीसी आईडी बना सकते हैं। प्रवक्ता ने बताया कि इग्नू में प्रवेश पाने के लिए छात्र आधिकारिक वेबसाइट www.ignou.ac.in पर जाएं और होमपेज पर दिए गए फ्रेश एडमिशन लिंक पर क्लिक करें।
इसके बाद उन्हें डीईबी-आईडी और अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर आदि दर्ज करनी चाहिए और मांगे गए दस्तावेज अपलोड करने चाहिए। इसके बाद वे डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड का उपयोग करके ऑनलाइन माध्यम से अपना प्रवेश शुल्क जमा कर सकते हैं। जुलाई 2025 सत्र के लिए इग्नू के विभिन्न सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2025 है।
