डीलरों की चाल नाकाम अवैध कॉलोनियों पर चला कानून का हथौड़ा
करनाल, 14 जनवरी:- जिला नगर योजनाकार ने बताया कि बुधवार को कस्बा करनाल में चार अवैध कालोनियों के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि पहली अवैध कॉलोनी जो कि लगभग 3 एकड़ में जी.टी. रोड पर राहुल हुन्डई के पास स्थित थी जिसमें सीवर नैटवर्क व सभी कच्ची व पक्की सडक़ों के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्यवाही की गई। दूसरी अवैध कॉलोनी जो कि लगभग 4 एकड़ में नमस्ते चौक के पास स्थित थी जिसमें सभी कच्ची व पक्की सडक़ों, 2 दुकानों व सीवर नैटवर्क के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्यवाही की गई।
तीसरी अवैध कॉलोनी लगभग 6 एकड़ में बजीदा रोड पर सैन्ट्रल वेयरहाउस के सामने स्थित थी जिसमें सभी कच्ची सडक़ों के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्यवाही की गई। इसी प्रकार चौथी अवैध कॉलोनी लगभग 2.5 एकड़ में सैक्टर-16 में अम्बेडकर भवन के पास स्थित थी जिसमें सभी पक्की सडक़ों, सीवर नैटवर्क व 6 डी.पी.सी. के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान डयूटी मैजिस्ट्रेट व थाना सिटी पुलिस की फोर्स मौजूद रही।
जिला नगर योजनाकार ने बताया कि अवैध निर्माणों के विरूद्ध लगातार तोडफ़ोड़ की कार्यवाही की जा रही है। अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण करने वाले की लगातार एफ.आई.आर. भी करवाई जा रही है। जिला नगर योजनाकार द्वारा समय-समय पर सभी को सूचित भी किया जा रहा है कि यह कोई भी अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण को बढ़ावा देगा, उसके साथ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।
अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए सभी तरह की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे डीलरों के जाल में न फंसे और शहर में बनी वैध कॉलोनियों में प्लाट खरीद कर अपना घर बनाए तथा डीलरों से अपील की कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, हरियाणा, चंडीगढ़ से लाइसेंस लेकर ही कॉलोनी विकसित करें ताकि आम जनता को उसका फायदा मिले।
