करनाल में डेथ अटैक छात्र को घेरकर उतारा मौत के घाट

करनाल,14 जुलाई:- करनाल जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के धौलगढ़ गांव में दिनदहाड़े 10वीं कक्षा के छात्र प्रतीक की तीन नकाबपोश बदमाशों ने डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, प्रतीक बाइक पर प्रसाद लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे तीन बाइक सवार बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।
घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीद धर्मपाल ने बताया कि उचाना गांव के पुल के पास तीन युवक मुंह पर कपड़ा बांधे एक पुरानी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर खड़े थे। जैसे ही प्रतीक वहां से गुजरा, हमलावरों ने उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया। बाइक से गिरते ही बदमाश उसे घसीटकर खेतों में ले गए और बेरहमी से डंडों से पीटने लगे।
धर्मपाल ने बताया कि उन्होंने प्रतीक को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों के हाथों में डंडे होने के कारण वह आगे नहीं बढ़ सके। काफी देर तक मारपीट करने के बाद आरोपी प्रतीक को गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।
मृतक के दादा दलेल सिंह ने बताया कि वह खेत में काम कर रहे थे, तभी उन्हें घटना की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि सुबह वह खुद अपने पोते को स्कूल छोड़कर आए थे। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थाना सदर प्रभारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या के पीछे की वजह का खुलासा किया जाएगा।