डीसी राहुल नरवाल ने सीवरेज व नालों के सफाई कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
हांसी:- जिला सचिवालय परिसर में उपायुक्त राहुल नरवाल की अध्यक्षता में शहर में सीवरेज व्यवस्था, जल निकासी और साफ-सफाई को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने शहर में सीवरेज लाइनों, नालों तथा जल निकासी व्यवस्था की मौजूदा स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी तीन दिनों के भीतर विशेष अभियान चलाकर सफाई कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से नागरिकों को कोई परेशानी नहीं हो।
उपायुक्त ने नगर परिषद और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शहर की साफ-सफाई, सीवरेज लाइनों की सफाई और नालों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बरसाती पानी की निकासी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और सभी संभावित संवेदनशील क्षेत्रों की प्राथमिकता के आधार पर सफाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि तीन दिन के भीतर कार्यों के सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई देने चाहिए। यदि इस दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही, ढिलाई या कार्य में कोताही पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि सभी संबंधित विभागीय अधिकारी आज से ही फील्ड में उतरकर कार्यों की निगरानी शुरू करें और यह सुनिश्चित करें कि सफाई अभियान प्रभावी रूप से संचालित हो। उन्होंने यह भी कहा कि सीवरेज और नाला सफाई कार्यों में यदि किसी प्रकार के संसाधनों, मशीनरी या अन्य आवश्यकताओं की और जरूरत है तो जिला प्रशासन की ओर से तत्काल स्वीकृति प्रदान की जाएगी, ताकि कार्यों में किसी प्रकार की रुकावट न आए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से आमटी झील के सामने स्थित गली में नई सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी प्रमुख जलभराव संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, आवश्यक प्रबंध किये जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
डीसी के निर्देशों की अनुपालन करते हुए करते नगर परिषद ने ड्रेनों व नालों के सफाई अभियान की गति को किया और तेज :
उपायुक्त के निर्देशों की अनुपालना करते हुए नगर परिषद ने शहर के विभिन्न प्रमुख ड्रेनों और सीवरेज लाइनों की विशेष सफाई अभियान की गति को और तेज किया। इस अभियान का उद्देश्य बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति से बचाव करना और शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है।
नगर परिषद की ओर से चार कुतुब से सिसाय पुल, बड़सी गेट से जींद चौक, तीकोना पार्क चौक से उमरा गेट, उमरा गेट से बड़सी गेट, मॉडल टाउन, अंबेडकर चौक, ग्रीन बेल्ट क्षेत्र तथा सिसाय पुल से कायमसर झील तक विभिन्न ड्रेनों की सफाई करवाई गई। इस कार्य के लिए सफाई कर्मियों की विशेष टीमों की तैनाती की गई, जो लगातार निगरानी में सफाई कार्य को अंजाम दे रही हैं।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी दिनों में भी सफाई कार्य में और तेजी लाई जाए, ताकि बरसाती पानी की निकासी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एवं डीएमसी लक्षित सरीन, नगर परिषद ईओ राजेंद्र सोनी, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी भी मौजूद रहे।
