डीसी ने सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों के साथ बैठकर किया मिडडे मील का निरीक्षण
करनाल, 21 जुलाई:- उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने शामगढ़ स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर मिड-डे मील योजना की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया तथा भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और विद्यालय की सुविधाओं के बारे में बच्चों से बातचीत की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्टॉक रजिस्टर, खाद्यान्न भंडारण तथा अन्य व्यवस्थाओं की जांच की।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि मिड-डे मील निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय पर तैयार किया जाए तथा भोजन में पोषण और स्वच्छता के सभी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने विद्यालय की पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
विद्यार्थियों ने उपायुक्त को बताया कि उन्हें मिलने वाला भोजन स्वादिष्ट और पौष्टिक है। इस दौरान उपायुक्त ने बच्चों से पढ़ाई, खेलकूद तथा अन्य गतिविधियों के बारे में भी चर्चा की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान एडीसी डॉ. राहुल रैया भी मौजूद रहे।
