मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा ने लिया तैयारियों का जायजा
प्रवीण वालिया, करनाल 18 अप्रैल- मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के 19 अप्रैल को करनाल में प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तैयारियों के संबंध में जानकारी ली व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 19 अप्रैल को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी करनाल के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री करनाल में श्री आत्म मनोहर जैन आराधना मंदिर में अक्षय तृतीया के अवसर पर आयोजित विशेष धर्मसभा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान डीसी ने कार्यक्रम स्थल व हैलीपैड का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान डीसी ने अधिकारियों को सुरक्षा, पार्किंग व कार्यक्रम के समुचित संचालन संबंधी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और सुचारू यातायात व्यवस्था संचालन के निर्देश दिए। बिजली निगम के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर बिजली की उचित व्यवस्था के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था आदि के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कोई भी कर्मचारी व अधिकारी कौताही न बरतें, सभी तत्परता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।
इस मौके पर एसपी नरेंद्र बिजारणिया, एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा, डीएसपी करनाल संदीप कुमार, डीएसपी इंद्री सतीश गौतम, बीडीपीओ करनाल मोनिका सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डीसी ने अधिकारियों सहित श्री आत्म मनोहर जैन मंदिर में माथा टेका
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के करनाल आगमन को लेकर तैयारियों को जायजा लेने गए डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा, एसपी नरेंद्र बिजारणिया, एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने श्री आत्म मनोहर जैन मंदिर में माथा टेका और श्रीफल अर्पित किया। इस दौरान जैन मुनि पीयूष कुमार जी ने अधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधा।
