फेस बुक दोस्ती के नाम पर 1377 लाख की साइबर ठगी
करनाल, 5 जनवरी:- सोशल मीडिया पर दोस्ती और ऑनलाइन ट्रेडिंग के झांसे में लेकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले साइबर गिरोह लगातार सक्रिय हैं। करनाल में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां फेसबुक के जरिए दोस्ती कर एक व्यक्ति से करीब 13.77 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित अजीत ने साइबर क्राइम थाना करनाल में दी शिकायत में बताया कि फेसबुक पर उसकी पहचान संजना पांडे नाम की महिला से हुई। उसने खुद को ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताते हुए फॉरेक्स और ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट से मोटे मुनाफे का लालच दिया।
**छोटे निवेश से जीता भरोसा
संजना के कहने पर अजीत ने 50 हजार रुपये का पहला निवेश किया, जो राकेश वर्मा नाम के यूपीआई खाते में भेजा गया। कुछ ही समय में ट्रेडिंग ऐप पर 20 हजार रुपये का मुनाफा दिखाया गया। इसी मुनाफे के लालच में अजीत से लगातार और निवेश करवाया गया।
**कई खातों में भेजी गई रकम
इसके बाद सत्यम कुशवाहा, साहिल आहाके, सलमा शेख और संदीप सिंह जैसे अलग-अलग नामों के खातों में पैसे ट्रांसफर कराए गए। कभी बाजार अच्छा होने, तो कभी बड़े ट्रेड का हवाला देकर रकम मंगाई जाती रही।
**निकासी पर टैक्स और चार्ज का दबाव
जब अजीत ने 3 लाख रुपये निकालने की कोशिश की तो उसका अनुरोध रद्द कर दिया गया। फिर कहा गया कि अकाउंट संदिग्ध है और सिक्योरिटी, मार्जिन, 30 प्रतिशत टैक्स व 18 प्रतिशत जीएसटी जमा करनी होगी। मजबूरी में उसने 4.43 लाख रुपये और भेज दिए।
**दिल्ली बुलाकर भी नहीं मिले आरोपी
अंतिम बार संजना पांडे ने दिल्ली में मिलकर मामला सुलझाने का भरोसा दिया। 5 दिसंबर 2025 को पीड़ित अपनी पत्नी के साथ दिल्ली पहुंचा, लेकिन उसे अलग-अलग बहानों से घुमाया गया और कोई सामने नहीं आया। इसके बाद फोन पर धमकियां और झूठे आरोप लगाने का सिलसिला शुरू हो गया।
**संगठित गिरोह की आशंका
जांच में यूपीआई खातों के जरिए गुरसेवक सिंह और राहुल वर्मा तक लिंक सामने आया है। राहुल वर्मा के पटियाला के त्रिपड़ी थाना क्षेत्र में फाइनेंस कार्यालय से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है, जिससे संगठित साइबर ठगी गिरोह की आशंका जताई जा रही है।
**पुलिस जांच में जुटी
साइबर क्राइम थाना करनाल में केस दर्ज कर सभी बैंक खातों, मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया प्रोफाइल और लेनदेन की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के झांसे में न आएं और ऑनलाइन निवेश से पहले पूरी जांच करें।
