भाजपा की कांग्रेसियों के खिलाफ शिकायत के बाद कांग्रेसी वर्कर पहुंचे कोतवाली थाने
अंबाला, 23 जुलाई:- पिछले दिन विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में अंबाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकने से खफा भाजपा नेताओं द्वारा एस.पी अंबाला के पास दर्ज करवाई गई शिकायत के बाद आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबाला शहर के प्रधान विनोद धीमान, अपने सैकड़ों समर्थकों और कांग्रेसी वर्करों के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और एसएचओ सुनीता ढाका के सामने अपना मामला पेश किया।
सुनीता ढाका ने प्रधान धीमान को एक नोटिस सौंपा और इस नोटिस का शुक्रवार शाम 4:00 बजे तक लिखित जवाब जमा करवाने के लिए कहा। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि वे अपने वकील रघुवीर रघु के जरिए निर्धारित समय के अंदर पुलिस के पास विस्तृत जवाब जमा करवा देंगे।
नोटिस के बाद ब्लॉक कांग्रेस प्रधान विनोद धीमान ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि 22 विद्यार्थियों की मौत और दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों, खासकर महिला विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज से तो भाजपा नेताओं की भावनाओं को कोई ठेस नहीं पहुंची पर कल उनके द्वारा अंबाला में किए विरोध प्रदर्शन ने भाजपा की भावनाओं को चोट पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि यह सारी कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित थी और यह सब कुछ पूर्व राज्य मंत्री असीम जी के इशारे पर हो रहा है।
कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि विनोद धीमान के खिलाफ दर्ज की गई शिकायत पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। भाजपा सरकार असली जन मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए विपक्ष को निशाना बना रही है जबकि देश के नौजवान बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा प्रणाली के संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, विधायक वरुण चौधरी और सीनियर कांग्रेसी नेता निर्मल सिंह संसद में और सड़कों पर विद्यार्थियों की आवाज लगातार उठा रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों के हकों के लिए अंत तक लड़ती रहेगी और कांग्रेस आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को नोटिसों और मुकदमों से दबाया नहीं जा सकता। अगर सरकार सोचती है कि वह पुलिस और प्रशासन की मदद से विपक्ष को चुप करवा सकती है तो यह एक बड़ी गलती होगी।
