दिल्ली कूच कर रहे किसानों और पुलिस के बीच बसताड़ा टोल पर टकराव

करनाल, 21 जुलाई:- भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे किसानों और पुलिस के बीच सोमवार को करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा पर टकराव हो गया। किसानों ने विरोध स्वरूप कपड़े उतारकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने कई किसान नेताओं सहित सैकड़ों किसानों को हिरासत में ले लिया। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया। 
जानकारी के अनुसार किसानों ने देशभर से दिल्ली कूच का आह्वान किया था। पंजाब और हरियाणा से बड़ी संख्या में किसान अपने वाहनों से दिल्ली की ओर रवाना हुए। पुलिस ने बसताड़ा टोल प्लाजा पर बैरिकेडिंग कर किसानों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। किसानों का आरोप था कि उन्हें जबरन रोका जा रहा है।
 इसके विरोध में उन्होंने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया और पैदल दिल्ली जाने की जिद पर अड़े रहे। इसी दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की और टकराव की स्थिति बन गई। घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।