सिविल सर्जन ने नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र का किया निरीक्षण

मोहाली, 5 फरवरी: सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन ने आज सुबह सेक्टर 66 स्थित सरकारी नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र का औचक निरीक्षण किया और वहां मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और केंद्र में भर्ती मरीजों से बातचीत की। 
सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे के मरीजों की शारीरिक गतिविधियों को अधिक से अधिक बढ़ाया जाए ताकि उनकी नशे की बुरी आदत हमेशा के लिए खत्म हो जाए। उन्होंने डॉक्टरों और स्टाफ को कहा कि वे मरीजों के साथ प्यार और करुणा से पेश आएं और अगर कभी कोई मरीज किसी बात पर तीखी प्रतिक्रिया करता है तो उसके साथ प्यार और सौम्यता से पेश आएं। 
उन्होंने स्टाफ उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और स्टाफ को निर्देश दिए कि वे पूरी लगन और निष्ठा से काम करें। डॉ. जैन ने कहा कि सरकार की ओर से मरीजों को अच्छा माहौल दिया जा रहा है, जहां उन्हें रहने, खाने और इलाज की मुफ्त सुविधा दी जा रही है। डॉ. जैन ने कहा कि मरीजों को ओपन जिम, टेलीविजन, म्यूजिक सिस्टम व खेल गतिविधियों जैसी सुविधाएं देने का उद्देश्य उन्हें सेंटर में घर जैसा माहौल प्रदान करना है ताकि उनका मन नशे की बुरी आदत से दूर रहे और वे हमेशा गतिशील रहें। 
उन्होंने कहा कि नशा शारीरिक नहीं बल्कि मानसिक समस्या है जिसका इलाज पूरी तरह संभव है। जो व्यक्ति नशा छोड़ना चाहता है उसे सिर्फ मन बनाने की जरूरत है, बाकी सब स्वास्थ्य विभाग का है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर उनके घर, रिश्तेदारी या पड़ोस में कोई नशे का मरीज है तो उसे इस बुरी आदत से दूर रहने के लिए प्रेरित करें और उसे सेंटर या किसी सरकारी स्वास्थ्य सुविधा में लेकर आएं। जानकारी व परामर्श के लिए मेडिकल हेल्पलाइन 104 पर भी संपर्क किया जा सकता है।