सिविल सर्जन डॉ मनदीप कमल ने 17 हाउस सर्जनों को नियुक्ति पत्र सौंपे
होशियारपुर:- जिले के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल ने नव नियुक्त 17 हाउस सर्जनों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें से 8 हाउस सर्जनों की नियुक्ति जिला सिविल अस्पताल, होशियारपुर, 5 की उपमंडलीय अस्पताल दसूया तथा 4 की उपमंडलीय अस्पताल मुकेरियां में की गई है।
नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. मनदीप कमल ने कहा कि हाउस सर्जन का कार्यकाल एक चिकित्सक के व्यावसायिक जीवन की मजबूत नींव होता है। इस दौरान उन्हें वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों के मार्गदर्शन में विभिन्न विभागों में कार्य करते हुए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलता है, जिससे वे भविष्य में अधिक कुशल एवं जिम्मेदार चिकित्सक बनते हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। नए हाउस सर्जनों की नियुक्ति से जिले के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी, आपातकालीन तथा अन्य चिकित्सा सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी तथा मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा प्राप्त होगी।
डॉ. मनदीप कमल ने हाउस सर्जनों से आह्वान किया कि वे अपनी ड्यूटी के दौरान मरीजों के साथ सहानुभूतिपूर्ण एवं विनम्र व्यवहार करें, समय की पाबंदी, ईमानदारी एवं अनुशासन को प्राथमिकता दें तथा अस्पताल में संक्रमण नियंत्रण, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन एवं विभागीय दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करें। उन्होंने कहा कि एक अच्छे चिकित्सक की पहचान केवल उसके ज्ञान से ही नहीं, बल्कि उसके व्यवहार, सेवा भावना और मरीजों के प्रति समर्पण से भी होती है।
इस अवसर पर सहायक सिविल सर्जन डॉ. टी.पी. सिंह भी सिविल सर्जन के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने भी नव नियुक्त हाउस सर्जनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे वरिष्ठ चिकित्सकों से अधिक से अधिक सीखें, टीम भावना के साथ कार्य करें तथा मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर रहें।
इस अवसर पर जिला मास मीडिया अधिकारी रमणदीप कौर, सुपरिंटेंडेंट संजीव कुमार, वरिष्ठ सहायक धर्मेंद्र कुमार तथा क्लर्क सुखविंदर कौर भी उपस्थित रहे।
नव नियुक्त हाउस सर्जनों ने सिविल सर्जन का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी लगन, ईमानदारी और सेवा भावना के साथ करेंगे तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
