करनाल में सीआईए1 टीम ने हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी पांच आरोपी गिरफ्तार

करनाल, 30 जून:- पुलिस अधीक्षक करनाल के निर्देशानुसार जिले में अपराध एवं अवैध हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए-1 करनाल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 08 अवैध पिस्तौल, 30 जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त एक सिलेरियो कार बरामद की गई है। इस संबंध में सीआईए-1 प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आरोपियों के विरुद्ध थाना मधुबन, जिला करनाल में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
 गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन उर्फ पोन्ना पुत्र खुशीराम निवासी वार्ड नंबर-02, रेलवे रोड, कलानौर (जिला रोहतक), जतिन पुत्र राजेंद्र निवासी वार्ड नंबर-01, बाबा कॉलोनी, कलानौर (जिला रोहतक), राहुल पुत्र विजय कुमार निवासी वार्ड नंबर-07, संत कॉलोनी, खरखौदा (जिला सोनीपत), नवदीप पुत्र भूपेंद्र निवासी शहर मालपुर, थाना बापौली (जिला पानीपत) तथा कपिल पुत्र करतार निवासी शहर मालपुर, थाना बापौली (जिला पानीपत) के रूप में हुई है। 
निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि सीआईए-1 की टीम ने 29 जून 2026 को गांव कुटेल के पास रिंग रोड पर नाकाबंदी के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। आवश्यक पूछताछ एवं कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें विधि अनुसार गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 08 अवैध पिस्तौल, 30 जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त एक सिलेरियो कार बरामद कर कब्जे में ले ली है। बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपी पवन उर्फ पोन्ना के विरुद्ध पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज होना सामने आया है। अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल करने का प्रयास करेगी, ताकि अवैध हथियारों के स्रोत, सप्लाई चेन, खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य व्यक्तियों तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य मामलों का खुलासा किया जा सके। मामले की गहनता से जांच जारी है।